तालाब में मिला मासूम का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम की मांग
लालकुआं।
बिंदुखत्ता क्षेत्र के एक पांच वर्षीय मासूम बालक की उत्तर प्रदेश के एक जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। शनिवार को लालकुआं पुलिस की मौजूदगी में हल्द्वानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता क्षेत्र का एक परिवार उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। परिजनों के मुताबिक 27 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे उनका पांच वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया। खोजबीन के दौरान लगभग एक घंटे बाद घर से करीब 80–100 मीटर दूर स्थित एक तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान उठे सवाल
परिजन बालक का शव लेकर बिंदुखत्ता लौट आए थे। शनिवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा किया। इसके बाद परिजनों ने लालकुआं कोतवाली में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की मांग की। पुलिस की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम हल्द्वानी में कराया गया।
यूपी और उत्तराखंड पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक बालक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मामले में जीरो एफ़आईआर दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
