मुनस्यारी क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है. जहां कालामुनि और बेटुली धार के बीच गहरी खाई में गिरकर एक भेड़ पालक की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब युवक अपनी भेड़-बकरियों को जंगल में चरा रहा था. वहीं, एकलौते बेटे की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं.
पैर फिसलने से गहरी खाई में गिरा रमेश: जानकारी के मुताबिक, मुनस्यारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालामुनि और बेटुली धार के बीच 26 वर्षीय रमेश राम अपनी भेड़-बकरियों को चुगाने के लिए जंगल गया था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसलने से वो करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. ऊंचाई से चट्टानों पर गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
खाई में चट्टानों में पड़ा मिला रमेश: घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान खाई में गिरने की जानकारी मिली. घटना की सूचना पुलिस थाना मुनस्यारी को भी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला.
रेस्क्यू कर पहुंचाया गया अस्पताल: इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रमेश राम को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया. फिर इस उम्मीद में उसे वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी ले जाया गया कि कहीं उसमें जान बाकी तो नहीं है, लेकिन डॉक्टकों ने नब्ज आदि टटोलने और जांच पड़ताल के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
इकलौता बेटा था रमेश राम: वहीं, पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरा, फिर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की. जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा. इसके बाद स्थानीय घाट पर रमेश राम का अंतिम संस्कार किया गया. बताया जा रहा है कि वो अपने माता-पिता का अकेला बेटा था. ऐसे में घरा का चिराग बुझने से माता-पिता बदहवाश हैं.
बता दें कि पहाड़ों में अक्सर कई लोग चारा पत्ती या घास लेने या फिर मवेशियों को चुगाने के दौरान हादसे का शिकार हो जाते हैं. जिसमें या तो उनकी जान चली जाती है या फिर वो जख्मी हो जाते हैं. इनमें सबसे ज्यादा हादसे का शिकार महिलाएं होती हैं. कई जगहों पर महिलाएं खाई में गिर कर जान गंवा चुकी हैं, लेकिन पहाड़ में यह सिलसिला लगातार जारी है.
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
