स्मार्ट मीटर विवाद: जनप्रतिनिधियों का विद्युत उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शनविरोध के बाद लालकुआं में फिलहाल रुका स्मार्ट मीटर लगाने का काम : – देखे वीडियो

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं में स्मार्ट मीटर को लेकर बवाल, जनप्रतिनिधियों ने किया विरोध
लालकुआं। नगर के जवाहर नगर वार्ड नंबर-3 में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने जमकर विरोध किया। जनप्रतिनिधियों ने टीम पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग की टीम वार्ड में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि बिना पूर्व सूचना और बिना सहमति के मीटर लगाए जा रहे हैं। विरोध बढ़ने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी सहित कई व्यापारी नेता और सभासद विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंच गए।

यहां जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एचडी संजय प्रसाद समेत विभागीय अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों की तीखी नोकझोंक भी हुई। लोगों का आरोप था कि एक वाहन पर यूपीसीएल की प्लेट लगाकर टीम विभिन्न वार्डों में पहुंच रही है और लोगों की जानकारी व सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
विवाद के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने मामले की शिकायत उपखंड अधिकारी से की। बैठक के दौरान सहमति बनी कि मार्च माह के बाद विद्युत विभाग सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगा। बैठक में चर्चा के बाद ही क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद फिलहाल क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया गया है।